झारखंड में यहां पुलिया के नीचे मिला केन बम, पेट्रोलिंग पार्टी थी माओवादियों के निशाने पर

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेरमो (बोकारो) : केन बम प्लांट करके पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी को निशाना बनाने की माओवादियों की कोशिश नाकाम हो गयी।

समय रहते पुलिस को केन बम प्लांट किये जाने की सूचना मिल गयी, जिसके बाद सीआरपीएफ और पुलिस की टीम ने केन बम को बरामद कर लिया।

घटना बोकारो और गिरीडीह जिला के बॉर्डर एरिया की है। यहां नावाडीह थाना क्षेत्र की पोटसो पंचायत अंतर्गत गोरमोरा गांव के निकट एक पुलिया के नीचे शुक्रवार को केन बम देखा गया।

इसकी सूचना नावाडीह पुलिस को दी गयी। गोरमेरा गांव बोकारो और गिरिडीह जिला की सीमा रेखा पर है। जिस पुलिया के नीचे केन बम मिला, वह नावाडीह, डुमरी और विष्णुगढ़ जाने का मार्ग है।

नावाडीह थाना प्रभारी कलीम अख्तर ने बताया कि सूचना के आलोक में जांच की गयी। जांच के क्रम में पुलिया के नीचे केन बम बरामद हुआ।

इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दे दी गयी है। बम निरोधक दस्ता के पहुंचने के बाद शनिवार को उस बम को डिफ्यूज कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि माओवादियों के पारसनाथ जोन ऊपरघाट-नावाडीह इलाके में माओवादी गतिविधि कई सालों से शिथिल है।

इस इलाके में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर माओवादी गोरमोरा पुलिया के नीचे केन बम प्लांट कर पेट्रोलिंग पार्टी को निशाना बनाने की फिराक में थे।

Share This Article