कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की की सदस्यता हुई ख़त्म

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह मांडर विधायक बंधु तिर्की (Bandhu Tirkey) की विधानसभा की सदस्यता समाप्त हो गयी है। इस संबंध में शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो के इस पर मंजूरी प्रदान की।

विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर विधानसभा के प्रभारी सचिव जावेद हैदर ने इस संबंध में शुक्रवार की शाम अधिसूचना जारी कर दी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बंधु तिर्की की विधानसभा की सदस्यता 28 मार्च के प्रभाव से समाप्त की है।

बता दें कि बंधु तिर्की मांडर विधानसभा सीट से जेवीएम की टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद तिर्की कांग्रेस में शामिल हो गये।

तिर्की पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सीबीआई की विशेष न्यायाधीश की कोर्ट ने दोषी पाया और 3 साल की सजा सुनाई। तिर्की पर आय से 7.20 लाख रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप था।

झारखंड में विधायक रहते विधायकी गंवाने वाले बंधु तिर्की पांचवें विधायक हैं।

इससे पहले एनोस एक्का, योगेंद्र महतो, अमित महतो और स्वर्गीय केके भगत की विधायकी समाप्त हुई थी। बंधु तिर्की की विधायकी खत्म होने के साथ ही मांडर सीट अब खाली हो गया है।

इस सीट पर 6 माह में उपचुनाव कराई जाएगी। बंधु की विधायकी खत्म करने से संबंधित सूचना चुनाव आयोग को भेज दी गयी है।

Share This Article