झारखंड में रामनवमी जुलूस को लेकर गाइडलाइन जारी, जानें आपदा प्रबंधन के आदेश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में अब रामनवमी जुलूस रात दस बजे तक निकाला जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार राज्य सरकार ने रामनवमी जुलूस की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय है। इसके अनुसार जुलूस की समय सीमा शाम छह बजे तक से बढ़ाकर रात्रि दस बजे तक कर दी गई है।

धार्मिक जुलूसों के मद्देनजर यह अनुमति दी गई

पूर्व में जारी गाइडलाइन के अनुसार धार्मिक जुलूस शाम छह बजे तक निकालने की ही अनुमति दी गई थी। अब रामनवमी के मद्देनजर समय सीमा बढ़ाई गई है। सभी तरह की धार्मिक जुलूसों के मद्देनजर यह अनुमति दी गई है।

उल्लेखनीय है कि गत 30 मार्च को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा धार्मिक यात्रा की निकालने से संबंधित गाइडलाइन जारी किया गया था।

इसके तहत शाम छह बजे तक धार्मिक जुलूस निकालने की बात कही गई थी। मालूम हो कि 10 अप्रैल को रामनवमी है।

रांची में दस अप्रैल को मुख्य शोभायात्रा निकाली जायेगी

राज्य के राजधानी सहित अन्य जिले में रामनवमी को लेकर जोरदार तैयारी चल रही है। पूरा शहर महावीरी पताका से सजाया गया है।

राजधानी रांची में दस अप्रैल को मुख्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर दो बजे होगी। शोभायात्रा में हजार से अधिक अखाड़े शामिल होते हैं।

शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए अलबर्ट एक्का चौक पहुंचेंगी और ओवरब्रिज होते हुए तपोवन मंदिर पहुंचेगी। यहां पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा अपने-अपने अखाड़ों में लौट जायेंगी।

इसे लेकर श्री महावीर मंडल और रामनवमी पूजा समिति की ओर से मुख्यमंत्री से समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई थी।

Share This Article