लातेहार : कोल ब्लॉक के नाम पर नहीं होने देंगे ग्रामीणों को विस्थापित

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: जमीन लूट के खिलाफ आक्रोशित रैली प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत बुधवार को आदिवासी समाज के लोगों ने लातेहार जिला मुख्यालय में विरोध रैली निकाली।

जिला मुख्यालय का भ्रमण करते हुए रैली समाहरणालय के निकट पहुंची जहां रैली सभा में तब्दील हो गई।

रैली में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आदिवासी नेता सह पूर्व मंत्री देव कुमार धान ने कहा कि सरकार कोल ब्लॉक तथा अन्य बड़ी-बड़ी कंपनियों की स्थापना के नाम पर ग्रामीणों से जमीन लेती है।

परंतु इन कंपनियों के पास विस्थापित हुए ग्रामीणों के पुनर्वास को लेकर कोई स्पष्ट योजना नहीं होती। ऐसे में जिन ग्रामीणों की जमीन और घर अधिग्रहित हो जाते हैं उनमें से कई दर दर की ठोकर खाने को मजबूर हो जाते हैं।

हरदी कोल ब्लॉक को तत्काल रद्द करने की मांग की गई

उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में ग्रामीणों को विस्थापित नहीं होने दिया जाएगा। आदिवासियों की जमीन को किसी भी सूरत में लूटने नहीं दिया जाएगा।

पूर्व मंत्री ने कहा कि लातेहार लोहरदगा जिले में भूमि सर्वे में भी भारी गड़बड़ी की गई है। किसी का जमीन किसी दूसरे के नाम कागज में दर्ज हो जाने के कारण अक्सर विवाद उत्पन्न हो रहा है।

ऐसे में इन दोनों जिलों में तत्काल भूमि सर्वे कराकर जो गलती हुई है उसे सुधारने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सरकार और कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बाद में मुख्यमंत्री के नाम लातेहार उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से तुबेद और बन हरदी कोल ब्लॉक को तत्काल रद्द करने की मांग की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज से जुड़े लोग उपस्थित थे।

Share This Article