गुमला में हुए नारायण सिंह हत्याकांड से उठा पर्दा, तीन गिरफ्तार, चाकू-कैंची बरामद

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला: गुमला पुलिस ने शहर के चर्चित नारायण सिंह हत्याकांड को 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है।

इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू-कैंची आदि भी बरामद हुई है।

आपसी विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया था। तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में गुमला जेल भेज दिया गया है।

इस संबंध में गुमला के पुलिस अधीक्षक डा. एहतेशाम वकारीब ने शनिवार दोपहर कार्यालय परिसर में पत्रकार वार्ता में बताया कि शहर के वन तालाब के पास नारायण सिंह की निर्मम हत्या करने के बाद शव को एक खूंटे से बांध दिया गया था।

इस मामले को सुलझाने और हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल व थाना प्रभारी बिनोद कुमार के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया था।

गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई

एसआईटी ने इस मामले में अमृत नगर चेटर निवासी मनीष साहु, लांजी गांव निवासी अनमोल साहु सभी थाना गुमला व रायडीह थाना क्षेत्र के कुलमुंडा बैगाटोली निवासी रोहित को धर दबोचा गया।

इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो कैंची, स्कूटी व एक सेंट्रो कार बरामद किया गया।

डा. वकारीब ने बताया कि इस हत्याकांड में तीन और अपराधी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जल्द ही ये लोग भी कानून के शिकंजे में होंगे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। एसआईटी टीम में एसडीपीओ व थाना प्रभारी के अलावा पुअनि विमल कुमार, विवेक चौधरी, आशीष भगत, प्रेम सागर सिंह व तकनीकी शाखा के कर्मी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article