झारखंड के मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप्प पर ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं अपना पहचान पत्र: के रवि कुमार

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने मतदाता पहचान पत्र को निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन ऐप पर जाकर ऑनलाइन अपडेट कर लें।

उन्होंने बताया कि इसे अपने मोबाइल फोन पर आसानी से किया जा सकता है, जो ऐसा नहीं कर पा रहे, वे प्रज्ञा केंद्र से इसकी सुविधा ले सकते हैं। ऐप पर हर समस्या का समाधान है। वहीं आयोग के विशेष शिविर में जाकर भी वे नाम में त्रुटि, पता, फोटो आदि को अपडेट करा सकते हैं।

साथ ही एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष के हो चुके सभी लोग मतदाता सूची में नाम जरूर दर्ज कराएं। इसके लिए सभी कॉलेजों के प्राचार्य से पत्राचार कर सहयोग की अपील की गई है। इस कार्य के लिए आयोग एक नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करेगा। उसके लिए 20, 21, 27 और 28 नवंबर को विशेष कैंप का आयोजन होगा।

वहीं 24 नवंबर को दिव्यांग जनों के लिए विशेष कैंप लगेगा। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि अच्छा चुनाव के लिए अच्छा मतदाता सूची जरूरी है। इसे लेकर आयोग हेल्दी रौल, हेल्दी पोल के थीम पर काम कर रहा है।

इसे सफल बनाने के लिए पूरे नवंबर माह में त्रुटियों को सुधारने तथा नये मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास होगा। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के सभी कार्यों को डिजिटल रूप में कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य को गति देने के लिए आयोग नागरिकों द्वारा स्वहस्ताक्षरित दस्तावेजों को स्वीकार करेगा।

उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से बीएलओ द्वारा बीएलओ चेकलिस्ट कार्य में पूरे देश में झारखंड तीसरे स्थान पर है, जो गर्व की बात है तथा सभी बीएलओ बधाई के पात्र हैं। वहीं नागरिकों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि छह वीडियो मैसेज, छह प्रकार के पोस्टर एवं फलैक्स तथा एक ऑडियो जिंगल का निर्माण कराया गया है। 29 अक्टूबर को एक वीडियो, एक ऑडियो जिंगल और पोस्टर व फलैक्स का अनावरण भी किया गया।

मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आयोग द्वारा 14 से 17 आयुवर्ग के लोगों द्वारा ऑनलाइन कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता भी कराई गई है। 2000 से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय आनेवाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2022 को सम्मानित किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार 15 जनवरी 2021 को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार अभी राज्य में दो करोड़ 35 लाख 39 हजार 328 मतदाता हैं। इनमें उनमें पुरुष 1,21,89,293 करोड़, महिला 1,13,49, 698 तथा उभयलिंगी 338 हैं।

वहीं 18 से 19 वर्ष के कुल मतदाता 1,70,280 हैं। वहीं अंतिम प्रकाशन के बाद से अब तक कुल 4,82,806 नये मतदाताओं को जोड़ा गया है। उसमें 18 से 20 आयुवर्ग के कुल 2,09,734 मतदाता शामिल हैं।

Share This Article