वायुसेना का MiG-21 विमान क्रैश, भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर दी जानकारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जोधपुर: ​पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले के सम थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग-21 क्रैश हो गया।

यह विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था। क्रैश के बाद विमान में भीषण आग लग गई। हादसे में विमान को उड़ा रहे विंग कमांडर हर्षित सिन्हा की मौत हो गई। देर रात भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। वायुसेना ने जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार सेना का लड़ाकू विमान मिग-21 ने शुक्रवार देर शाम उड़ान भरी थी। यह विमान जैसलमेर के सम थाना क्षेत्र में गागा गांव के डीएनपी एरिया सरहद तक आया और करीब 8:30 बजे क्रैश हो गया।

विमान के क्रैश होकर एक खेत में गिरने के साथ उसमें आग लग गई।

हादसे में विमान को उड़ा रहे विंग कमांडर हर्षित सिन्हा की मौत हो गई। विमान हादसे की जगह जैसलमेर से करीब 70 किमी दूर है।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने हादसे पर दुख जताते हुए विंग कमाण्डर हर्षित सिन्हा को श्रद्धांजलि दी है।

राज्यपाल ने ईश्वर से उनकी पुण्यात्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अगस्त में भी बाड़मेर में एक मिग-21 विमान क्रैश हुआ था।

Share This Article