झारखंड

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष बने नाना पटोले, पार्टी संगठन में बड़े बदलाव

मुंबई: गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद यानि शुक्रवार को नाना पटोले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।

इससे पहले राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट प्रदेश अध्यक्ष थे।

पार्टी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पटोले को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही छह नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

शिवाजी राव मोगे, बासवराज पाटिल, मोहम्मद आरिफ नसीम खान, कुणाल रोहिदास पाटिल, चंद्रकांत हंडोरे और प्रणति शिंदे को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

इसके साथ ही 10 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। संसदीय बोर्ड और आगामी निकाय चुनावों के लिए रणनीति, स्क्रीनिंग एवं समन्वय समिति का गठन भी किया गया है।

गौरतलब हो कि नाना पटोले ने 2019 के लोकसभा चुनाव में नागपुर सीट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को टक्कर दी थी।

नाना पटोले और गडकरी की टक्कर की वजह से महाराष्ट्र की इस सीट पर देशभर की निगाहें लगी हुई थीं।

हालांकि गडकरी करीब एक लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीत गए।

बहरहाल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कई कांग्रेसी नेताओं के पार्टी छोड़ने की खबरें आई थीं।

माना जा रहा है कि नाना पटोले पार्टी संगठन मजबूत करने के लिए नई रणनीति पर काम कर सकते हैं।

कांग्रेस के इस निर्णय को देश में किसानों के आंदोलन से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

– पहले थे भाजपा में 

नाना पटोले पहले भाजपा में ही थे। साल 2014 में पार्टी के टिकट पर उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री और दिग्गज एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल को हराया था।

हालांकि बाद में मतभेदों की वजह से 2017 में उन्होंने बीजेपी का दामन छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश किया था।

कांग्रेस के टिकट पर वो एक बार फिर 2018 में सकोली सीट से विधायक बने। फिर कांग्रेस की तरफ से उन्हें विधानसभा अध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण पद मिला।

– बने बने ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का चेयरमैन 

ओबीसी नेता के तौर पर पहचान रखने वाले पटोले किसानों के मुद्दे पर बेहद मुखर रहे हैं।

किसानों के मुद्दों से लगाव की वजह से ही कांग्रेस ने उन्हें ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का चेयरमैन भी बनाया है।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker