झारखंड : DAV स्कूल के कमरे की सिलिंग गिरने से छह बच्चे घायल, अस्पताल में भर्ती

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा: चाईबासा जिले के सेल की गुवा खदान प्रबंधन की ओर से गुवा में संचालित डीएवी (DAV) स्कूल के कमरे का रूफ सिलिंग मंगलवार को गिरने से छह बच्चे घायल हो गये। घायल बच्चों को सेला गुवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों में वर्ग चार (अ) के छात्र-छात्राओं में प्रतिभा करुवा (11), जश्मिन पूर्ति (10), कृतिका दलई (10), अर्पिता कुमारी (11), प्रियांशी नायक (10) एंव गुंजन गोप (11) हैं। इस सेक्शन में 45 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे थे।

बाकी बाल-बाल बच गए। घटना की खबर पाकर गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव स्कूल एवं अस्पताल पहुंचे।

दूसरी ओर अभिभावकों में विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार के खिलाफ आक्रोश दिखा। क्योंकि, वे बच्चों को देखने अस्पताल में नहीं पहुंचे।

बच्चों के अभिभावकों के अलावा मजदूर नेता अन्तर्यामी महाकुड़ ने प्राचार्य मनोज कुमार से बात करते हुए आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई एवं घायल छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को समय पर घटना की जानकारी नहीं दी गयी।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में महीनों से स्कूल बंद था, फिर खराब रूफ सिलिंग की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई। इस घटना के लिए विद्यालय प्रबंधन मुख्य रूप से जिम्मेदार है।

प्राचार्य मनोज कुमार ने बताया कि यह विद्यालय भवन सेल का है और उसके द्वारा संचालित है। खराब रूफ सिलिंग को ठीक करने के लिए सेल प्रबंधन को कहा गया था लेकिन नहीं करायी गयी है।

दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक विपिन कुमार गिरी ने कहा कि गुवा डीएवी स्कूल के प्राचार्य मनोज कुमार के द्वारा स्कूल मरम्मत की बाबत कोई भी लिखित सूचना नहीं दी गई है। अगर सूचना दी जाती तो सेल जरूर मरम्मत करवाता।

Share This Article