प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला संतों की भूमिका पर संगोष्ठी को करेंगे संबोधित

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री कच्छ में एक संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस संगोष्ठी का आयोजन समाज में महिला संतों की भूमिका और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को मान्यता देने के लिए किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कच्छ के धोरडो स्थित महिला संत शिविर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस संगोष्ठी को शाम 6 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे।

इस संगोष्ठी का आयोजन समाज में महिला संतों की भूमिका और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को मान्यता देने के लिए किया जा रहा है। धोरडो में आयोजित इस संगोष्ठी में 500 से अधिक महिला संत शामिल होंगी।

इस संगोष्ठी में संस्कृति, धर्म, महिला उत्थान, सुरक्षा, सामाजिक स्थिति और भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका पर सत्र होंगे।

इसमें महिलाओं की उपलब्धियों के साथ-साथ महिलाओं को लाभान्वित करने वाली केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।

संगोष्ठी में केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी और केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व डॉ. भारती प्रवीण पवार भी शामिल होंगी। साथ ही साध्वी ऋतंभरा, महामंडलेश्वर कंकेश्वरी देवी सहित अन्य जानी मानी हस्तियां शामिल होंगे।

आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में मनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का सप्ताह भर चलने वाला समारोह 1 मार्च से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से दिल्ली में शुरू किया गया था।

इसका समापन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को किया जाएगा।

Share This Article