झारखंड के कई जिलों में बारिश के साथ बढ़ी ठंड, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में रविवार दाेपहर बाद से मौसम का मिजाज बदला-बदला सा नजर आने लगा।

सुबह में धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने लगे। इसके बाद शाम होते-होते बारिश शुरू हो गयी। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश हुई।

बारिश के साथ ही ठंड भी बढ़ने लगी है। मौसम केंद्र, रांची ने 15 जनवरी तक राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जतायी है।

राजस्थान में बने पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड के कई जिलों में रविवार की शाम से देखने को मिल रही है। यह बारिश राज्य के कई जिलों में हुई।

बारिश का यह असर 15 जनवरी तक होने की संभावना जतायी गयी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के उत्तर-पूर्वी यानी देवघर, धनबाद, दुमका में बारिश की संभावना है।

गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के अलावा मध्य भाग यानी रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग में भी बारिश की संभावना है।

खूंटी और रामगढ़ तथा दक्षिणी भाग यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में देर शाम से बारिश की संभावना है। हालांकि, रांची समेत कई जिलों में बारिश शुरू भी हो गयी है।

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 10 और 11 जनवरी को राज्य के उत्तरी तथा मध्य भाग में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की गर्जन और वज्रपात के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसलिए घर से निकलने से पहले सावधानी बरतें।

Share This Article