हादसों का दिन रहा मंगलवार!, झारखंड के चार जिलों में पांच सड़क दुर्घटनाएं, चार की मौत, चार घायल

News Aroma Media
6 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के चार जिलों में मंगलवार को पांच सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इसमें चार लोगों की जान चली गई जबकि चार लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पश्चिमी सिंहभूम में हुए हादसे में एक युवक की मौत हुई है। गिरिडीह में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत। इसी तरह पलामू में हुई दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि गुमला के पालकोट में हुए सड़क हादसे में एक की मौत हो गई।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनाओं की जांच की जा रही है। दुर्घटनाओं की बड़ी वजह वाहनों की तेज रफ्तार रही। दुर्घटना के शिकार होने वालों में से कई ने हेलमेट नहीं लगाया था।

गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र तथा घोड्थम्भा ओपी क्षेत्र में दो अलग-अलग दुर्घटनाएं हुईं। डुमरी प्रखंड स्थित चैनपुर के समीप डुमरी-गिरिडीह पथ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई।

बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के भंडारो निवासी बैजनाथ महतो का पुत्र राजेन्द्र महतो (25) बाइक से डुमरी की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान चैनपुर के समीप बाइक के आगे चल रही एक ट्रक ने सड़क पर ब्रेकर होने के कारण अचानक ब्रेक लगाया।

अचानक ब्रेक लगने से बाइक सवार गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर पाया और वह ट्रक के पीछे जा टकराया। हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर पर गंभीर रूप से चोट आई।अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।

नवार-घोड्थम्भ मुख्यमार्ग स्थित घोड्थम्भा ओपी क्षेत्र के धमला सरकवाटांड के पास हुई। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी।

जबकि एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि धनवार थाना क्षेत्र के बेनुसारण निवासी कार्तिक सिंह अपने भतीजे खीर सिंह के साथ अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे।

इसी क्रम में अनियंत्रित पिकप वैन ने सामने से ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार कार्तिक सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। खीर सिंह गंभीर रूप जख्मी हो गए, जिसे ग्रामीणों तथा स्थानीय घोड्थम्भा पुलिस के सहयोग से रेफरल अस्पताल राजधनवार में भर्ती कराया गया।

वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएम सीएच धनबाद भेज दिया गया।

पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाईबासा जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर तिरिलबुटा गांव के पास बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को थाना की पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी ने उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल रवि हेम्ब्रम की मौत इलाज के दौरान हो गई।

परिजनों के आने के बाद सड़क हादसे में घायल युवकों की पहचान हो सकी। दोनों सरायकेला-खरसावां जिले के कुजू निवासी थे। दूसरे घायल युवक का नाम विक्की हेम्ब्रम है।

घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर चाईबासा की ओर आ रहे थे। युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। तिरिलबुटा गांव के पास तेज रफ़तार बाइक किसी अज्ञात वाहन पर से टकरा गई।

पलामू जिला के हरिहरगंज शहरी क्षेत्र अंतर्गत एनएच -98 मेदिनीनगर- औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर मंगलवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट रही कार ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी।

इसमें स्कूटी सवार एएनएम और उसके पति घायल हो गए । स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एएनएम कुमारी भारती को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल में रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार हरिहरगंज के पिपरघाट निवासी एएनएम कुमारी भारती (52) और उनके पति किशुन प्रसाद सिंह (55) स्कूटी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद आ रहे थे।

वे एनएच 98 से अस्पताल की ओर मुड़े थे कि पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों पति-पत्नी घायल हो गए।

इधर, गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित बघिमा टुकुटोली मोड़ के पास मंगलवार को मोटरसाइकिल सड़क दुर्घटना में भिखू लोहरा (32) की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक भिखू लोहरा उर्मी गुमला का रहने वाला था।जानकारी के अनुसार मृतक भिखू लोहरा अपने पल्सर मोटरसाइकिल से अपनी बहन को छोड़ने पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव गया हुआ था।

लौटने के क्रम में बघिमा कुकुटोली मोड़ के पास उसके मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड गया। वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Share This Article