झारखंड में अब कांग्रेस और मजबूती से उभरेगी: फुरकान अंसारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी ने झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह के पार्टी छोड़ने को लाभकारी बताया है। अंसारी ने मंगलवार को कहा कि झारखंड में अब कांग्रेस और मजबूती से उभरेगी।

उन्होंने कहा कि वे शुरू से मानते आये हैं कि आरपीएन भाजपा का घुसपैठिया है। वह राज्य में कांग्रेस की पूरी टीम को बर्बाद कर देगा।

उनकी बातों पर आलाकमान ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। नतीजतन आज इसने अपना चेहरा दिखा ही दिया। उन्होंने कहा कि आरपीएन सिंह जैसे लोग ही पार्टी को अंदर से खोखला कर रहे थे।

टिकट से लेकर पद पाने के लिए बोली लगती थी। खुलेआम वसूली का खेल चलता था। ऐसी संस्कृति को बढ़ावा देने वाले लोग के चले जाने से आज कांग्रेसी राहत महसूस कर रहे हैं।

अंसारी के मुताबिक आरपीएन ने पूरे झारखंड में कांग्रेस के संगठन को अस्त-व्यस्त कर दिया था, जिसने पैसा पहुंचाया, उसकी योग्यता को जांचे परखे बिना ही पद दे दिया।

वैसे लोग जिन्होंने अपनी सारा जीवन कांग्रेस की सेवा में लगा दिया, उसे एक साजिश के तहत किनारे कर दिया। ऐसा मकड़जाल बुनकर रखा था कि आलाकमान तक सही बात भी नहीं पहुंच पाती थी।

इसका नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस दिन प्रतिदिन कमजोर होती चली गयी। उन्होंने कहा कि समय बहुत नहीं निकला है। अभी भी सुधरने का समय है।

सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर फील्ड में मेहनत करें। एक बार फिर से कांग्रेस अधिक मजबूती से उभरेगी।

Share This Article