रांची: राजधानी रांची को छोड़कर स्टेट के अन्य सभी 23 जिले कोरोना संक्रमण के क्रिटिकल स्टेज से बाहर हो गए हैं।
रांची में इस समय एक लाख की आबादी पर 24 लोग संक्रमित हैं, जबकि अन्य 23 जिलों में एक लाख की आबादी पर संक्रमित मरीजों की संख्या 15 से कम हो गई है।
इस प्रकार केवल रांची ही क्रिटिकल जोन में है।
आइसीएमआर मानक के अनुसार, जिले या राज्य में एक लाख की आबादी पर 15 से अधिक कोरोना संक्रमित के सक्रिय मरीज हों तो उसे क्रिटिकल श्रेणी में रखा जाता है।
ये जिले थे क्रिटिकल स्टेज में
कोरोना संक्रमण को लेकर रांची सहित खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां क्रिटिकल स्टेज में शामिल थे।
इन जिलों में कोरोना संक्रमित सक्रिय मरीजों की संख्या 15 से अधिक थी।
अब सिर्फ रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या एक लाख की आबादी पर 15 से अधिक है।
रांची में एक्टिव मरीज ज्यादा
राज्य में रविवार को जारी कोविड-19 बुलेटिन के मुताबिक राज्य में कुल एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 1610 है।
इसमें 791 एक्टिव कोरोना मरीज अकेले रांची में रिपोर्ट किए गए हैं।
पूर्वी सिंहभूम में 171, बोकारो में 85, सरायकेला में 64, हजारीबाग में 58, धनबाद में 55 सक्रिय कोरोना मरीज हैं।
पाकुड में तीन, गिरिडीह में छह, जामताड़ा में नौ सक्रिय मरीज रिपोर्ट हुए हैं।