झारखंड में 368 बंद समर्थक गिरफ्तार

News Aroma Media
#image_title

न्यूज़ अरोमा रांची: किसानों की ओर से कृषि कानून के विरोध में बुलाए गए भारत बंद का मंगलवार को झारखंड में मिलाजुला असर रहा।

कृषि कानून के विरोध में बंद को कांग्रेस, झामुमो, राजद सहित वामदलों ने समर्थन किया। इन सभी पार्टियों के नेता सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करते देखे गए।

राज्य में सत्तारूढ़ दलों के नेता और कार्यकर्ता झंडा बैनर के साथ सड़कों पर उतरे और राजधानी रांची के अपर बाजार में जबरन दुकानों को कांग्रेस नेताओं ने बंद करवाया। सड़के जाम की।

सड़क पर बांस गलियों से बैरिकेडिंग कर के छोटे वाहनों को भी चलने से रोका गया। कांके में बांस बल्ली लगाकर झामुमो राजद और कांग्रेस के नेताओं ने सड़क जाम किया।

बीआईटी चौक पर बंद समर्थकों ने भी सड़क जाम किया। इससे रांची पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

वहीं सरायकेला जिला मुख्यालय में भारत बंद का मिलाजुला असर देखा गया दुकानें बंद रही और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा है।

इक्का-दुक्का दुकानें खुली रही। कोडरमा के झुमरी तिलैया में रांची पटना रोड को जाम कर विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

पुलिस के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।धनबाद के गोविंदपुर मे एनएच को जाम किया गया। हजारीबाग के बरही चौक, डिस्ट्रीक मोड़ पर बड़ी गाड़ियों के परिचालन को बंद किया गया।

लातेहार,हज़ारीबाग़, चतरा,गिरीडीह में कुछ घंटे सड़क जाम रहा जाम रहा। इसके बाद पुलिस ने बंद समर्थकों से आग्रह कर जाम हटवाया। धनवाद के केंदुआडीह में ,सरायकेला में नीमडीह,चौका में बंद समर्थकों ने जाम किया।

रांची,गुमला, पलामू, हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह, धनबाद, सरायकेला, दुमका, पाकुड़ में कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों द्वारा रोड जाम किया गया था।

बस स्टैंड में यात्री दिखे परेशान

राजधानी के खादगढ़ा, आईटीआई और धुर्वा बस स्टैंड पर यात्रियों को काफी परेशानी हुई। दिन में चलने वाली गाड़ियों का परिचालन भारत बंद के कारण पूरी तरह से बंद रहा।

खादगढ़ा बस स्टैंड पर बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, चतरा, गिरिडीह, सिमडेगा, जमशेदपुर सहित विभिन्न जिलों में जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम को गाड़ियों का परिचालन शुरू हुआ।

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता व आईजी अभियान साकेत कुमार सिंह ने बताया कि किसान संगठनों द्वारा आहुत भारत बन्द के मददेनजर झारखण्ड पुलिस के द्वारा पूरे राज्य में सुरक्षा की चाक-चौबन्द व्यवस्था की गई थी।

राज्य के किसी भी जिले से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। बन्द समर्थकों द्वारा धनबाद के गोविन्दपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर , हजारीबाग के बरही चौक, डिस्ट्रिक चौक पर गाड़ियों का परिचालन बन्द कराने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस ने जाकर तत्परतापूर्वक वहां वाहनों का परिचालन प्रारम्भ करवाया ।

इसके अतिरिक्त पलामू, लातेहार, चतरा, गिरिडीह सरायकेला, दुमका, पाकुड़ में में बन्द समर्थकों द्वारा सड़क जाम किया गया। जिसे पुलिस ने जाकर जाम को समाप्त कर करवाया।

गुमला जिले में कुल 108, जमशेदपुर से 125 तथा धनवाद से 135 बन्द समर्थकों की गिरफ्तारी हुई। जिन्हें शाम में पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।