मुंबई: रेलवे ने मुंबई में 95 प्रतिशत लोकल ट्रेनों के परिचालन की मंजूरी दी है। शुक्रवार से इन ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ होने से मुंबई वासियों की यात्रा आसान हो जाएगी।
मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार के अनुसार मध्य एवं पश्चिम रेलवे की 95 प्रतिशत लोकल गाड़ियां शुक्रवार से ट्रैक पर उतार दी जाएंगी। इससे मुंबई में लोगों की आवाजाही और सरल हो जाएगी।
कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाऊन शुरू होते ही मुंबई में लोकल ट्रेन सेवा बंद कर दी गई थी। इसके बाद आंशिक तौर पर लोकल सेवा शुरू की गई।
इन लोकल गाड़ियों में सिर्फ अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों को ही आने-जाने की अनुमति दी गई।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोकल में सभी नागरिकों के लिए लोकल शुरू करने के संबंध में रिपोर्ट पेश करने का आदेश प्रशासन को दिया था। इसे देखते हुए रेलवे ने शुक्रवार से 95 फीसदी लोकल गाड़ियां रेलवे ट्रैक पर उतारने का निर्णय लिया है।