न्यूज़ अरोमा रांची: झारखंड में पिछले तीन दिन से मौसम ने करवट लेने से राज्य के कई इलाकों में मंगलवार को बारिश हुई।मंगलवार सुबह से ही राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे।
रांची, पलामू, चतरा, रामगढ़ समेत आसपास के इलाके में कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई।
इसके साथ पछुआ हवा बहने से ठंड भी बढ़ गई है। बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
धूप नहीं निकलने की वजह से सड़कों पर भी लोगों का आवागमन कम रहा। ठंड की वजह से लोग अपने घरों में ही दुबक गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 दिसम्बर से आसमान एक बार फिर से साफ होगा।
बारिश के दौरान कुछ इलाकों में आर्द्रता बढ़ सकती है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक ठंडी हवाओं से मौसम सर्द रहेगा।
बादल छंटने के बाद सूबे में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को भी कोल्हान, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, पलामू, लातेहार और गढ़वा में हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है।