नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुये पूर्व केंद्रीय मंत्री कुंवर रतनजीत प्रताप सिंह (आरपीएन सिंह) मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
भाजपा मुख्यालय में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की उपस्थिति में आरपीएन सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्वतंत्र देव सिंह ने प्राथमिक सदस्यता की पर्ची देकर उनका स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी में आरपीएन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश में भाजपा को मजबूती मिलेगी।
इससे पहले आरपीएन सिंह ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
सिंह ने ट्वीट कर कहा, “ यह मेरे लिए एक नई शुरुआत है और मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान के लिए तत्पर हूं।”