मास्को: यूक्रेन पर हमला करने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को दुनिया के साथ अपने देश के भीतर भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
अब रूस के ही एक व्यापारी एलेक्स कोन्याखिन ने व्लादिमिर पुतिन को जिंदा या मुर्दा पकड़ने पर एक मिलियन डॉलर यानी साढ़े सात करोड़ रुपये के इनाम का एलान किया है।
यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस के ही लोग राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं। राजधानी मास्को समेत कई बड़े शहरों में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
रूस के एक व्यापारी एलेक्स कोन्याखिन ने व्लादिमीर पुतिन के सिर पर 1 मिलियन डॉलर के इनाम का एलान किया है। भारतीय रुपये में इनाम की राशि साढ़े सात करोड़ रुपये के आसपास होगी।
कोन्याखिन ने अपने फेसबुक और लिंक्डइन पर पुतिन की तस्वीर वाला पोस्टर शेयर किया है, जिस पर सामूहिक हत्या के लिए पुतिन को जिंदा या मुर्दा वांछित करार दिया गया है।
एलेक्स ने पोस्ट में लिखा है कि वह पुतिन की अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत युद्ध अपराधी के रूप में गिरफ्तारी के लिए एक मिलियन डॉलर देने को तैयार हैं।
कोन्याखिन की इस पोस्ट को फेसबुक ने नियमों का उल्लंघन मानते हुए हटा दिया है। जिसके बाद रूसी व्यापारी ने सफाई देते हुए कहा कि वह लोगों से पुतिन को मारने के लिए नहीं कह रहा था। उसका मकसद यह है कि पुतिन को न्याय के कठघरे में लाया जाए।