रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने मंगलवार को डुमरी उप चुनाव में ऊपर टांड़ मंडल में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।
मरांडी ने कहा कि जनता भगवान है और कार्यकर्ता पार्टी की पूंजी हैं। उन्होंने सम्मेलन में बूथ जीतो-चुनाव जीतो मंत्र को सिद्ध करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि JMM बता नहीं पा रहा कि आखिर उनके प्रत्याशी को वोट क्यों दिया जाए। आखिर हेमंत सोरेन की सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में राज्य को जो लूट, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, बलात्कार, हत्या, चोरी, डकैती, अपहरण, बेरोजगारी का उपहार दिया है, उसके लिए लिए वोट दिया जाए। राज्य सरकार ने गरीबों के अनाज लूटवाए।
मरांडी ने कहा कि आज राज्य की स्थिति भयावह है। अपराधी बेलगाम, बेखौफ हैं और जनता डरी-सहमी हुई है। अपराधी व्यापारियों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर रंगदारी मांग रहे।
मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी लिए जा रहे पैसे
हेमंत है तो अपराधियों को हिम्मत है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून का राज स्थापित करने के लिए हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकना आवश्यक है। डुमरी उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी (NDA Candidate) की जीत के बाद झारखंड नई करवट लेगा।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बिना पैसे का कोई काम नहीं होता। मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी पैसे लिए जा रहे। पदाधिकारी कर्मचारी घूस मांगने की हिम्मत कर रहे क्योंकि, राज्य का मुखिया ही भ्रष्टाचार में शामिल है। महंगे वकील रखकर अपराधियों को बचाने के लिए कोर्ट जा रहे।
उन्होंने कहा कि जब कोई गलती नहीं की तो फिर ED को जवाब देने क्यों नहीं जा रहे। आखिर क्यों डर रहे।उन्होंने कहा कि यह सरकार अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों का मुंह केस मुकदमों से बंद करना चाहती है। उनके खिलाफ छह जिलों में मुकदमे दर्ज हुए हैं लेकिन वे डरने वाले नहीं।
पदाधिकारियों को जो विधि विरुद्ध काम कर रहे उन्हें सचेत किया
सरकार चाहे तो सभी जिलों में उनके ऊपर मुकदमा करे। उन्हें जांच कराकर कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है। वे तो जांच में पूरी मदद करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ऑफिसर राज्य सरकार के टूल की तरह उपयोग हो रहे।
उन्होंने ऐसे पदाधिकारियों को जो विधि विरुद्ध काम कर रहे उन्हें सचेत किया। बहुत जल्द उन्हें हिसाब चुकता करना पड़ेगा।
साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री ने देश से भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण को समाप्त करने का आह्वान किया है। जनता उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर हेमंत सरकार (Hemant Sarkar) की नाकामियों, वादा खिलाफी, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, लूट झूठ की बातों को बताने का आह्वान किया।