हजारीबाग: पश्चिमी वन प्रमंडल के तत्कालीन अमीन निरीक्षक सुधीर कुमार सिन्हा (Sudhir Kumar Sinha) को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पर निगरानी थाने में 42/2010 के तहत मामला दर्ज है। इसके विरुद्ध भूमाफियाओं और स्थानीय लोगों (Land Mafia and Local People) की मिलीभगत से अपने पद का दुरुपयोग कर 540 एकड़ वन भूमि की बंदोबस्त करने का आरोप है। इससे वन विभाग का करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है।
16 सितंबर, 2010 को मामला दर्ज हुआ
अनुसंधान में इसके विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने पर ACB ने गिरफ्तारी की है। सुधीर कुमार सिन्हा पर आधा दर्जन प्राथमिकी दर्ज हैं। सुधीर कुमार सिन्हा पर निगरानी थाना में 16 सितंबर, 2010 को मामला दर्ज हुआ था।
इस पर वन भूमि के नक्शे में छेड़छाड़ और ओवरराइटिंग (Tampering and Overwriting) कर जमीन को स्थानीय लोगों व भूमाफियाओं के नाम बंदोबस्त कराया था। यह कार्य आरोपी सुधीर कुमार सिन्हा ने अंचल कर्मचारियों से मिलकर किया था।
निगरानी थाना (काण्ड सं0-42 / 2010) के अलावा वन भूमि के नक्शों में हेरा-फेरी करने एवं नक्शों से निष्कासित वन भूमि को अवैध रूप से अतिक्रमण एवं बन्दोबस्त कराने तथा अनापत्ति प्रमाण पत्र गायब करने के संबंध में हजारीबाग सदर थाना में (काण्ड सं0-675/2006) 471/2008, 536/2008. 296/2011 एवं 866 / 2017 पूर्व में दर्ज किया गया है, जिसमें सुधीर कुमार सिन्हा प्राथमिकी अभियुक्त हैं।