TSPC Naxalite minister arrested in Palamu: पुलिस ने नक्सली संगठन TSPC के दस्ता सदस्य 28 वर्षीय जितेन्द्र सिंह (Jitendra Singh) उर्फ मंत्री जी उर्फ अभियंता जी को गिरफ्तार किया है।
उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। दस्ता को छोड़कर घर आने के कारण वह हथियार नहीं ला पाया था। जितेन्द्र जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के सलैयाखुर्द का रहने वाला है। इसके खिलाफ आधा दर्जन आपराधिक मामले छतरपुर और नौडीहा बाजार थाना में दर्ज है।
ASP (अभियान) राकेश कुमार सिंह (Rakesh Kumar Singh) ने शुक्रवार दोपहर दो बजे SP कार्यालय के सभागार में बताया कि आज सुबह जिले की एसपी रीष्मा रमेशन को गुप्त सूचना मिली कि TSPC का सक्रिय सदस्य जितेन्द्र सिंह उर्फ मंत्री जी उर्फ अभियंता जी नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के बाराखाड़ डैम के पास आने वाला है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर के नेतृत्व में एक टीम गठित कर कार्रवाई की गयी। बाराखाड़ पहुंचने पर देखा गया कि एक आदमी भौवराहा पहाड़ी की तरफ से चला आ रहा है।
जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया
पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया लेकिन जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हुई। उसने विभिन्न कांडों में अपना अपराध स्वीकार किया है।
ASP ने बताया कि जितेन्द्र पर आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। छतरपुर में सबसे अधिक चार और नौडीहा बाजार थाने में दो मामले दर्ज हैं। 20 मई को सलैयाखुर्द में आपसी विवाद को लेकर ग्रामीणों की बेरहमी से पिटायी की थी।
इसी तरह 24 अक्टूबर को तीरूदाग के पहाड़ी पर पुलिस के साथ गोलीबारी और 4 अप्रैल को छतरपुर थाना क्षेत्र के राजडेरवा में टावरकर्मियों (Tower Workers) के साथ मारपीट में अपने दस्ते के साथ शामिल था।
ASP ने बताया कि जितेन्द्र के दस्ते में 10-12 TSPC उग्रवादी है, जिसमें 7-8 एक्टिव मेम्बर हैं, जो हथियार लेकर चलते हैं। 2021 से जितेन्द्र TSPC के नगीना, आक्रमण के दस्ते में शामिल होकर चल रहा था। इससे पहले वह नक्सलियों का मुखबीर बनकर कार्य करता था। पुलिस की गतिविधियों का जानकारी देना और नक्सलियों को भोजन आदि का प्रबंध करना इसका काम था।