रांची बंद! सरना स्थल बचाने के लिए उग्र प्रदर्शन, टायर जलाकर किया सड़क जाम

News Update
3 Min Read
3 Min Read
#image_title

Ranchi Band: राजधानी रांची शनिवार को पूरी तरह ठप हो गई। सिरमटोली फ्लाईओवर पर रैंप निर्माण के विरोध में सिरमटोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा (Sarna Sthal Bachao Morcha) के आह्वान पर 40 से अधिक आदिवासी संगठनों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।

सुबह से ही प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए, टायर जलाए गए और मुख्य मार्गों को जाम कर दिया गया।

बंद (Band) के कारण रांची की ज्यादातर सड़कें सुनसान रहीं। मेन रोड, कांके रोड, हरमू रोड, कोकर रोड, बूटी मोड़, डोरंडा और अन्य क्षेत्रों में दुकानें नहीं खुलीं।

आम लोगों को परिवहन सेवाओं के बंद होने से भारी परेशानी हुई। पुलिस-प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे।

प्रदर्शन से राजधानी ठप, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

बंद को लेकर शहरभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अल्बर्ट एक्का चौक पर वाटर कैनन तैनात थी और CCTV कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी।

पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे थे। कोतवाली DSP प्रकाश सोय समेत कई अधिकारी खुद सड़कों पर मोर्चा संभाले हुए थे।

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण विरोध की अपील की, लेकिन सड़कों पर मौजूद भीड़ में आक्रोश साफ नजर आ रहा था। कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।

मशाल जुलूस के बाद बढ़ा आक्रोश

इस बंद को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को ही मोर्चा के बैनर तले मशाल जुलूस निकाला गया था। आदिवासी संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने धार्मिक और सामाजिक संगठनों, दुकानदार संघों और ट्रांसपोर्ट यूनियनों से समर्थन की अपील की थी।

हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा। एंबुलेंस, अस्पताल और परीक्षाओं से जुड़े लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई।

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

बंद को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। DC और SSP ने साफ कर दिया कि अगर प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ या आगजनी हुई, तो सख्त कार्रवाई होगी।

Share This Article