Minister Yogendra Mahto’s wife, Babita Devi, received treatment at RIMS : झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र महतो गुरुवार को अपनी पत्नी और पूर्व विधायक बबिता देवी के इलाज के लिए रिम्स (रांची) पहुंचे। रिम्स के सर्जरी एवं नेत्र रोग विभाग के चिकित्सकों ने बबिता देवी का इलाज किया।
इस दौरान मंत्री महतो ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया और वहां इलाज करा रहे विभिन्न मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिम्स की सेवाओं पर जताया भरोसा
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के सकारात्मक परिणामों को रेखांकित करते हुए मंत्री योगेंद्र महतो के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. अंसारी ने कहा, “मैं मंत्री योगेंद्र महतो का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने रिम्स की सेवाओं पर भरोसा जताया और अपनी पत्नी के साथ यहां इलाज कराया। यह रिम्स के प्रति उनके विश्वास और हमारी मेहनत का प्रमाण है।”
मंत्री महतो और डॉ. अंसारी के इस कदम से रिम्स में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास और मजबूत होने की उम्मीद है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने के प्रयास लगातार जारी हैं।