Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के लूगु पहाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षाबलों को सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली है। आज सुबह सुरक्षाबलों और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी सहित 8 नक्सली मारे गए। इनमें से तीन की पहचान हो गई है जबकि अभी पांच की शिनाख्त होना बाकी है।सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से चार इंसास राइफल, एक , एक रिवॉल्वर और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है।
8 नक्सलियों के मारे जाने की घटना ऐतिहासिक
DGP अनुराग गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि भाकपा माओवादी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी (केंद्रीय कमेटी सदस्य), सहदेव सोरेन (केंद्रीय कमेटी सदस्य) एवं अन्य 20 से 25 सशस्त्र माओवादियों की सूचना पर संयुक्त बलों के जरिए अभियान चलाया गया जिसमें पुलिस को यह सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद सेंट्रल कमिटी मेंबर 1 करोड़ इनामी सहित 8 नक्सलियों के मारे जाने की घटना ऐतिहासिक है। इसे झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि कहा जा सकता है।
झारखंड पुलिस मुख्यालय में DGP ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में बलिदान हुए जवान का हमने बदला ले लिया है। अब हमारा पूरा फोकस चाईबासा में नक्सलियों को खत्म करने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि नक्सली आत्मसमर्पण करें, नहीं तो गोली खाने के लिए तैयार रहें। बहुत जल्द ही झारखंड से नक्सलियों का सफाया कर दिया जायेगा।
इससे पूर्व तीन अप्रैल 2023 को चतरा पुलिस ने पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया था, जिनमें दो स्पेशल एरिया कमेटी के सदस्य भी थे। दोनों पर 25-25 लाख रुपये का इनाम था। इसके अलावा तीन सब जोनल कमांडर मारे गये थे, जिन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। यानी इन पर कुल इनाम की राशि 65 लाख रुपये थी।