Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के लूगु पहाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षाबलों को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। आज सुबह सुरक्षाबलों और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी सहित आठ नक्सली मारे गए। इनमें से तीन की पहचान हो गई है जबकि अभी पांच की शिनाख्त होना बाकी है।सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से चार इंसास राइफल, एक एसएलआर, एक रिवॉल्वर और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है।
DGP अनुराग गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सुरक्षाबलों और पुलिस के साथ आज सुबह 5:30 बजे के आसपास शुरू किए गए एक विशेष संयुक्त अभियान ‘डाकाबेड़ा‘ में नक्सलियों के साथ कई बार मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक आठ नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से तीन की शिनाख्त हो चुकी है। शेष पांच मृत नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। इस इलाके में अभी सर्च अभियान जारी है। उन्हाेंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए जिन तीन नक्सलियों की पहचान हुई है। उनमें केंद्रीय कमेटी सदस्य एक करोड़ का इनामी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी, स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव और जोनल कमेटी मेंबर 10 लाख का इनामी साहब राम मांझी शामिल है। विवेक उर्फ प्रयाग मांझी को नक्सल संगठन में विवेक दा उर्फ फुचना उर्फ नागो मांझी के नाम से जाना जाता था।
DGP ने बताया कि संयुक्त ऑपरेशन ‘डाकाबेड़ा’ अभियान गुप्त सूचना के आधार पर 209 कोबरा बटालियन, बोकारो पुलिस, झारखंड जगुआर और CRPF के संयुक्त सहयोग से चलाया गया। यह अभियान नक्सल संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाकर चलाया गया था।