रांची: झारखंड राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रविवार को स्वर्णरेखा नदी पर स्थित दुमुहानी घाट पर स्वर्णरेखा सफाई अभियान शुभारंभ किया। दो घंटे तक चले इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व जुस्को से जुड़े स्थानीय लोग शामिल हुए।
रविवार को इस अभियान में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता स्वयं नदी साफ करने उतरे। चेहरे पर मास्क और हाथों में ग्लब्स पहने हुए बन्ना गुप्ता ने अपने हाथों से जलकुंभी हटाकर अलग किया।
साथ ही एकत्र कचड़े को भी डिस्पोजल कराने की व्यवस्था की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की लाइफलाइन स्वर्णरेखा नदी का इस शहर को बसाने में बहुत योगदान हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने जमशेदपुर में जन्म लिया है। इस धरती ने मुझे बहुत कुछ दिया हैं, अब मेरी बारी है। उन्होंने कहा कि स्वर्णरेखा नदी उपेक्षित है।
जलकुंभी और कचड़े के कारण इसका अस्तित्व खतरे में है।
एक जनप्रतिनिधि और जमशेदपुर का जागरूक नागरिक होने के कारण ये मेरी जिम्मेदारी हैं कि इसका संरक्षण करूँ। मैं इसके बचाव के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। मुझे स्वर्णरेखा नदी का कर्ज उतारना है।
उन्होंने घोषणा किया कि प्रत्येक सप्ताह के शनिवार और रविवार को स्वर्णरेखा नदी में वृहत पैमाने पर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम लोगों को जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वर्णरेखा को बचाने और विकसित करने के लिए एक बेहतर एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। जिससे इसका संरक्षण भी हो और इसका सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा।