रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पिता पान सिंह धोनी और माता देवकी देवी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें बरियातू रोड स्थित पल्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
पल्स के संचालक अभिषेक झा ने बताया कि धौनी के माता-पिता की स्थिति सामान्य है और उनका ऑक्सीजन स्तर ठीक है।
पल्स प्रबंधन ने बताया दोनों का संक्रमण फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। उम्मीद जताई जा रही है अगले कुछ दिनों में दोनों स्वस्थ हो जाएंगे और संक्रमण मुक्त हो जाएंगे।
महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेल रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी अभी मुंबई में हैं, जहां बुधवार को उनकी टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
बता दें कि झारखंड में हर दिन संक्रमितों का आंकड़ा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। अबतक 4969 कोरोना पॉजिटिव के नए केस मिले हैं। जबकि राज्य में कोरोना से 2334 मरीज ठीक हुए हैं।
कोरोना से 45 मरीजों की मौत
राज्य में कोरोना से 45 मरीज की मौत हुई है। मृतकों में रांची से 15, देवघर से एक, धनबाद से छह, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) से दस, गढ़वा से दो, गोड्डा से एक, कोडरमा से चार, लातेहार से दो, पलामू से एक और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) से दो मरीज शामिल है। झारखंड में पिछले पांच दिनों में 227 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।
किस जिले से कितने केस मिले
स्वास्थ विभाग के अनुसार रांची से 1703, बोकारो से 178, चतरा से 46, देवघर से 116,धनबाद से 175, दुमका से 53, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर )से 692, गढ़वा से 75,गिरिडीह से 30, गोड्डा से 79,गुमला से 149,हजारीबाग से 177 ,जामताड़ा से 133, खूंटी से 203, कोडरमा से 279 ,लातेहार से 92,लोहरदगा से 80, पाकुड़ से चार, पलामू से 73, रामगढ़ से 169, साहेबगंज से 120, सरायकेला से 39 , सिमडेगा से 139 और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) से 161 मरीज मिले है।
कुल कोविड-19 का मामला अब 172315
राज्य में कुल कोविड-19 का मामला अब 172315 हो गया है। इनमें 33178 सक्रिय केस हैं। जबकि 137590 मरीज ठीक हुए हैं। अबतक राज्य में 1547 मरीजों की मौत कोरोना से हुई है। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 79.84 प्रतिशत है।
अभियान के तहत 35037 लोगों को वैक्सीन
राज्य में कोविड-19 टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को कुल 35037 लोगों को वैक्सीन दी गयी है।
इनमें 22381 पहली डोज और 12656 दूसरी डोज है। राज्य में कोविशील्ड की कुल 3,83,429 डोज और कोवैक्सीन की कुल 3,18,604 डोज उपलब्ध है।