रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि विभिन्न पार्टियों के सक्रिय कार्यकर्ता पहले खुद वैक्सीनेट हो जाये और इसके बाद गांव, टोला में जाकर सबसे वैक्सीन लेने की अपील करें।
झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को कहा कि इस विपत्ति से बचना है तो वैक्सीनेशन जरूरी है। वैक्सीनेशन के प्रति कोई भ्रांति हो, तो यह हम सब का कर्तव्य है कि हम इसका निवारण करें।
उन्होंने कहा कि सभी पार्टी के साथियों कांग्रेस, भाजपा, राजद, आजसू, संगठन, व्यापार के लोगों की पहुंच गांव टोलो तक है।
सबसे पहले आप सभी सक्रिय कार्यकर्ता वैक्सीनेट हो जाएं। इसके बाद गांव टोला में जाकर लोगों से वैक्सीन लेने के लिए अपील करें।
उन्होंने कहा कि सरकार के अपने दायरे हैं। सरकार बहुत कुछ करती है। सरकार में हमे भी कुछ योगदान देना चाहिए।
इसके लिए स्व अनुशासन, सरकारी निर्देशों का पालन करना, मास्क पहनना आदि कर हम इसमें योगदान दे सकते हैं। हम जितने जल्दी वैक्सीनेट हो जाएंगे।
फिर से स्वाभाविक जिंदगी की ओर आ पाएंगे। उन्होंने कहा कि वैक्सीन आने में देरी हो रही है लेकिन सरकार पूरी तत्पर है।