दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में मंगलवार की शाम रोंगटे खड़ी कर देने वाली एक घटना सामने आई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया।
दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीया आदिवासी महिला के साथ 17 लोगों ने बारी बारी से बलात्कार किया। इतना ही नहीं, यह दरिंदगी महिला के पति की आंखों के सामने हुई।
युवकों ने पति के हाथ-पैर बांधकर गर्दन पर चाकू सटाया था। मामले में डीआईजी सुदर्शन मंडल ने पीड़िता से खुद जाकर अस्पताल में पूछताछ की है।
क्या है मामला
घटना मंगलवार की देर शाम करीब 7 बजे दुमका प्रखंड क्षेत्र के घांसीपुर गांव के पास हुई। पीड़िता अपने पति के साथ घांसीपुर साप्ताहिक हाट से लौट रही थी।
इसी दौरान युवकों ने दोनों को पकड़ लिया। पांच युवकों ने पहले पति के हाथ-पैर बांध दिये।
इसके बाद महिला को झाड़ी में ले जाकर बारी-बारी से 17 युवकों ने गैंगरेप किया। बेबस पति अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवकों ने उसकी पिटाई भी की।
इस दौरान पति की गर्दन पर आरोपी युवकों ने चाकू सटा रखा था। गैंगरेप की घटना को अंजाम देने के बाद पति-पत्नी को मौके पर छोड़कर सभी युवक फरार हो गए।
अंधेरा होने के कारण केवल एक की पहचान
अंधेरा रहने के कारण दंपती 17 युवकों में एक को ही पहचान पाया। आरोपी की पहचान गोलपुर निवासी रामू मोहली के रूप में हुई है।
युवक की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है। पीड़िता ने घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को दी।
बुधवार सुबह मुखिया, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण महिलाएं पीड़ित दंपती को लेकर मुफस्सिल थाना पहुंचे और गैंगरेप की जानकारी पुलिस को दी।
ग्रामीणों में आक्रोश
सूचना मिलते ही डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल, एसपी अम्बर लकड़ा एवं डीएसपी विजय कुमार तुरंत थाना पहुंचे और पीड़िता से घटना की पूरी जानकारी ली।
अधिकारियों ने दंपती से करीब एक घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद मेडिकल जांच के लिए डीएमसीएच भेज दिया। इधर, पुलिस ने उक्त युवक को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि उक्त युवक के पकड़े जाने के बाद ही अन्य युवकों का पता चल पाएगा। पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया। गैंगरेप की घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
क्या कहते हैं डीआईजी
इस संबंध में दुमका डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने कहा कि महिला ने सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत थाने में की है।
बयान दिया है कि उसके साथ 17 युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म कांड में संलिप्त एक युवक की पहचान महिला कर पाई है।
बाकी युवकों की पहचान महिला नहीं कर पाई है। सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच पड़ताल चल रही है। महिला को मेडिकल चेकअप के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।
पति के साथ मायके आई थी पीड़िता
पीड़िता की शादी दुमका जिले के काठीकुंड क्षेत्र में हुई है। उसका मायका घांसीपुर पंचायत अन्तर्गत है। वह पति के साथ एक माह पहले मायका आई हुई थी।
यहां धान की फसल काटने के लिए दंपती आया था। विवाहिता ने अपने तीन बच्चों को ससुराल में ही छोड़ दिया था।
बाकी दो बच्चे के साथ दंपती मायके आए थे। धान कटाई के बाद दोनों घांसीपुर साप्ताहिक हाट से सामान लेने चले गए थे। वापस लौटने के दौरान युवकों ने घटना को अंजाम दिया।