रांची: कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि झारखंड में जल्द ही मॉब लिंचिंग पर कड़े कानून बनाये जायेंगे। इसे लेकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आश्वासन दिया है।
साथ ही झारखंड में मदरसा बोर्ड के गठन पर अपनी सहमति दे दी है। उर्दू अकादमी के बारे में भी हेमंत सोरेन से चर्चा हुई है। इमरान प्रतापगढ़ी ने जानकारी सोमवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अल्पसंख्यक अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा हुई है। केंद्र सरकार ने झारखंड को प्रयोगशाला बना कर रख दिया है। सात सालों में पूरा देश महंगाई की मार से त्रस्त है।
पेट्रोल 60 से 100 रुपये हो गया, रसोई गैस की कीमत 1000 रुपये हो गयी है। महंगाई की वजह से घर का बजट गड़बड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मजबूत होगा। महंगाई और जीएसटी के चलते पूरे देश के अल्पसंख्यक उत्पीड़न झेल रहे हैं।
झारखंड में भी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के दस सूत्री कार्यक्रम तय किये जा रहे हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा जल्द ही तय कर ली जायेगी।