रांची: खाद्य और सार्वजनिक वितरण के केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि झारखंड में खाद्यान्नों की भंडारण की क्षमता बढ़ाने को केंद्र सरकार की पहल जारी है।
इससे राज्य में खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है। फूड क़ॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में सोमवार को मंत्री अश्विनी चौबे ने झारखंड में इस दिशा में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
चौबे ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को मजबूत किये जाने के लिए लगातार पहल हो रही है। झारखंड में भी ये प्रयास हो रहे हैं। वर्ष 2015 में राज्य में लगभग 2.35 एलएमटी (लाख मीट्रिक टन) क्षमता थी।
यह अब बढ़कर 2020-21 में 4.45 लाख मीट्रिक टन तक हो चुकी है। कार्यक्रम में अलग अलग जिलों से विभागीय प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे।
अश्विनी चौबे के मुताबिक भंडारण में अब खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग आधुनिकीकरण की ओर बढ़ रहा है। झारखंड में भंडारण क्षमता बढ़ाने की प्लान स्कीम पर काम हो रहा है।
इसके तहत चतरा (इटखोरी) में 10000 मीट्रिक टन का गोदाम तैयार किया जाना है। पोड़ैयाहाट (गोड्डा) में भी 10000 एमटी क्षमता का गोदाम के निर्माण का प्रयास है। इन दोनों के लिये टेंडर प्रक्रियाधीन है।
दुमका में भी 10000 एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण का कार्य होना है। इसके लिये हाई कोर्ट ने भी सहमति दे दी है। अब वहां गोदाम बनाने को झारखंड सरकार की ओर से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।