दुमका: पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। वहीं मामले में मुख्य आरोपी जीतन गण अब भी फरार है। गिरफ्तार आरोपी गांव के ही रोहित दास और कुन्दन दास है।
जानकारी के अनुसार मामला बीते 28 अगस्त का बताया जा रहा है। मामला प्रकाश में पीड़िता के पति के प्रदेश से काम कर लौटने पर 12 अक्टूबर के बाद आया। मामले को लेकर पीड़िता ने संबंधित थाना में लिखित शिकायत किया।
मामले में पुलिस दुष्कर्म का मामला दर्ज करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में न्यायालय में दर्ज 164 के बयान में पीड़िता ने बताया कि उसके सास-ससुर का पहले ही देहांत हो चुका है।
वह घर में अकेली रह रही थी। घटना के दिन आरोपी युवकों ने जबरन दरवाजा तोड़ घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने बाइक पर बिठा खंडहरनुमा मकान में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म करते हुए युवकों ने महिला का वीडियो बना वायरल करने और किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी।
पति के लौटने पर महिला ने पति को घटना के बारे में जानकारी दी। बाद में मामला थाना पहुंचा। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई थी।
मामले में केस के अनुसंधानकर्ता एसआई प्रभाष रवानी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।