रांची: रांची के सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार सिंह ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना से थैलेसिमिया को असाध्य रोग से जोड़ने की मांग की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना से जल्द ही थैलेसिमिया को भी जोड़ा जाएगा , ताकि थैलेसिमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित बच्चों के बोन मैरो ट्रांसप्लांट में मदद मिल सके
सिविल सर्जन ने विभाग को इस दिशा में पहले करने के लिए पत्र लिखा है। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरूण कुमार ने विभाग की तरफ से सकारात्मक रूख दिखाया है।
साथ ही जल्द विचार कर कार्यवाही करने का आश्वासन भी दिया है। ऐसा हो जाता है तो राज्य के थैलेसिमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित बच्चों का सफलतापूर्वक बोन मैरो ट्रांसप्लांट हो सकेगा। इसके लिए 14 थैलेसिमिया से पीड़ित बच्चों का चयन किया जाएगा।
चयन के बाद सभी बच्चों का बोन मैरो ट्रांसप्लांट बेंगलुरू के नारायणा अस्पताल में किया जाएगा। एक बच्चे के बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए खर्च करीब 14 लाख रुपये आते हैं।
हर एक बच्चे के ऑपरेशन के लिए सीसीएल दस लाख रुपये सीएसआर फंड के तहत देगा। बाकी के पांच लाख रुपये मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना से जोड़कर दिए जाने की बात चल रही है। सिविल सर्जन ने बताया कि एक बार में 14 बच्चों का चयन होगा।