रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने सोमवार को राज्य सभा से तीन कृषि कानून वापस किये जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने संकल्पों को ही साकार किया है। देश के विकास में सबका साथ आवश्यक वैसे ही सबका विश्वाश और सबका प्रयास भी जरूरी है।
कृषि कानून किसानों के हित मे थे। लेकिन कुछ समूहों की हठधर्मिता ने देश के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की।
प्रकाश ने राज्यसभा के कुछ सांसदों पर हुई दंडात्मक कार्रवाई को सही बताते हुए कहा कि लोकतंत्र मर्यादाओं से चलता है। लोकतंत्र को कलंकित करने का अधिकार किसी को भी नही है।
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि किसानों के हित में लंबी प्रतिक्षा के बाद तीन कृषि कानून बने थे। ये कानून स्वामीनाथन कमिटी की अनुशंसाओं के अनुरूप बने थे।
संसद में बहुमत से पारित होकर महामहिम राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से कानून बने थे। उन्होंने कहा कि वावजूद इसके कतिपय समूहों ने किसानों को भटकाया, भ्रमित किया। मरांडी ने कहा देश में प्रधानमंत्री पहले नेता हैं, जिन्होंने एक छोटे समूह की भावनाओं का भी आदर किया।