बोकारो : रिश्तों में खटास आने के बाद एक पत्नी ने अपने पति पर अपनी ही तीन वर्षीय बेटी को किडनैप कर लेने का आरोप लगाया है। महिला ने इस मामले में महिला थाना में अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस की टीम बच्ची की बरामदगी के लिए शुक्रवार को भोपाल के लिए हवाई जहाज से रवाना हुई, जहां आरोपी पति का घर है।
घटना बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर वन की है।
यहां मकान संख्या 629 में रहनेवाली पूजा सिंह ने अपने पति अनिमेष गौर के खिलाफ किडनैपिंग का केस महिला थाना में दर्ज कराया है।
पूजा सिंह ने पुलिस को बताया है कि उनकी शादी मध्यप्रदेश के भोपाल के साउथ एवेन्यू स्थित गुलमोहर कॉलोनी निवासी अनिमेष गौर से हुई थी।
शादी के बाद जब वह अपनी ससुराल गयीं, तो वहां उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। बाद में उन्हें ससुराल से निकाल दिया गया।
पूजा ने बताया कि ससुराल से निकाले जाने के बाद वह अपनी बेटी के साथ दिल्ली में रहने लगीं और वहीं नौकरी करने लगीं। इसी दौरान लॉकडाउन लग गया, जिससे उनकी नौकरी चली गयी। उसके बाद पूजा बोकारो स्थित अपने मायके लौट आयीं और अपनी मां के साथ रहने लगीं।
पूजा ने बताया कि उनके पति अनिमेष गौर को पता चल गया कि वह बोकारो में अपनी मां के साथ रह रही हैं। यह पता चलने के बाद अनिमेष उनके पास बोकारो चला आया।
अनिमेष ने उससे माफी मांगी और कुछ दिनों तक उनके साथ उनके मायके में ही रहा। इसी दौरान अनिमेष घर के बाहर खेल रही अपनी तीन वर्षीय बच्ची को चुपके से उठाकर बिना किसी को बताये अपने साथ लेकर भाग गये।
पूजा के मुताबिक, उनकी बच्ची अभी अनिमेष के साथ ही भोपाल में है।
इस घटना के बाद पूजा ने अपने पति अनिमेष के खिलाफ महिला थाना में अपनी बेटी को किडनैप करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया है।
किडनैपिंग का केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया। यह टीम बच्ची को बरामद करने के लिए शुक्रवार को भोपाल के लिए रवाना हुई। पुलिस की इस टीम में एक महिला अधिकारी और दो पुरुष अधिकारी शामिल हैं।