पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर जिला के संग्रामपुर प्रखंड के कटियारी ग्राम पंचायत अंतर्गत महाने बीयर सिंचाई परियोजना का बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया।
जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने मुख्यमंत्री को परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सचिव जल संसाधन को निर्देश दिया कि महाने बीयर सिंचाईं परियोजना के डैमेज पिलर, प्रोटेक्शन वाल, बोल्डर पिचिंग, बेलहरवा महाने लिंक कैनाल के सुपर पैसेज सहित अन्य चीजों को दुरूस्त करायें।
उन्होंने इसके डिसिल्टेशन के भी निर्देश दिए।
सीएम ने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर सिंचाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि हम आपकी समस्या जानने आए हैं और आपकी सिंचाई एवं अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कमांड एरिया से आने वाले पानी का माइनर डिस्ट्रिब्यूट्री कार्य कराएं ताकि ग्रामीणों को सिंचाई में सुविधा हो।
जल वितरण की ऐसी व्यवस्था बनाएं कि अधिक से अधिक किसानों को इससे फायदा हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कहा कि महा बीयर सिंचाई परियोजना का जल्द पुनर्स्थापन शुरू कराएं। इसके पूर्ण होने से आस पास के कई गांवों को फायदा होगा।
निरीक्षण के दौरान जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुंगेर से सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, आयुक्त मुंगेर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक पंकज सिन्हा, जिलाधिकारी नवीन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जग्गु नाथ रेड्डी सहित अन्य वरीय अधिकारीगण एवं अभियंतागण उपस्थित थे।