विवाह के बाद बहन को रांची एयरपोर्ट से विदा कर लौट रहे इकलौते भाई की दर्दनाक मौत, कार एक्सीडेंट में दो दोस्तों ने भी गंवाई जान, तीसरा गंभीर

News Aroma Media
#image_title

रांची: विवाह के बाद बहन को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से दिल्ली रवाना कर वापस टाटा लौट रहे इकलौते भाई की कार गुरुवार की सुबह नामकुम में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई।

एनएच टाटा रोड पर तेज रफ्तार टाटा टियागो कार ने जामचुआं के पास खड़े एक ट्रक में जोरदार टक्कर मारी दी। इसमें दो दोस्तों संग भाई की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, कार में सवार दो अन्य लोगों को भी गंभीर चोट आई है। इसमें से एक की हालत बेहद नाजुक है।

उसे रिम्स में वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि दूसरे घायल को मुंह में चोट लगी है। वह कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं है।

दुर्घटना के शिकार हुए सभी लोग ‌जमशेदपुर के रहने वाले बताए जा रहें हैं। कार पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर निवासी राजेश कुमार की है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, राजेश टाटा स्टील से सेवानिवृत्त हुए हैं। परिवार कदमा में रहता है। कल कदमा में बेटी रितु की शादी थी।

शादी समारोह संपन्न होने के बाद उसे अपने परिवार के साथ दिल्ली रवाना होना था। इकलौता भाई राहुल कार चालक सहित अपने 4 दोस्तों के साथ बहन को छोड़ने रांची आया था।

सुबह 8 बजे दिल्ली के लिए फ्लाइट थी। बहन को एयरपोर्ट छोड़कर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटनाग्रस्त हुई कार टाटा टियागो का नंबर जेएच 05सीके 8474 है, जिसे जब्त कर पुिलस थाने ले आई है।

कार के उड़े परखच्चे, गैस कटर से काटकर ड्राइवर का शव निकाला

रिम्स पहुंचे राहुल के कुछ परिचित लोगों ने बताया कि जमशेदपुर लौटने के दौरान कार ने नामकुम थाना क्षेत्र के जामचुआं में रांची टाटा हाईवे पर पहले से खड़े गैस गाड़ी (एनएल02 एन 9393)में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए।

घटनास्थल पर ही कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने घायलों को रिम्स भिजवाया, जहां इलाज के क्रम में एक और युवक की मौत हो गई।

जबकि एक युवक निशांत गंभीर रूप से घायल है। उसे न्यूरो सर्जरी विभाग में इलाज के लिए वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं, इस दुर्घटना में पूर्णिया निवासी वसीम को भी चोट आई है।

दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि चालक का शव कार में फंस गया था, जिसे गैस कटर से काटकर पुलिस ने बाहर निकाला।