An orange alert has been issued for 10 districts in Jharkhand : झारखंड के 10 जिलों में अगले 24 घंटे में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि रांची समेत बाकी जिलों में अगले चार दिन हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों में बोकारो के चंद्रपुरा में सबसे ज्यादा 56.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
रांची में हुई 9.2 मिमी बारिश, तापमान गिरा
रांची में 9.2 मिमी बारिश हुई, जिससे रात का तापमान 4 डिग्री तक गिर गया। दुमका, गोड्डा, देवघर, गिरिडीह, रामगढ़, मेदनीनगर और पाकुड़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और बिहार में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह मौसमी बदलाव देखा जा रहा है। अगले दो दिन तापमान में 2-3 डिग्री और गिरावट हो सकती है।