RANCHI/रांची: सीएम हेमंत सोरेन CM Hemant Soren ने गुरुवार शाम रांची के कांके स्थित झारखंड जगुआर के मुख्यालय में चाईबासा में शहीद हुए तीनों जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सीएम ने दुख की इस घड़ी में शहीदों के परिजनों से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया। उन्होंने मौके पर पुलिस महानिदेशक और अन्य पुलिस पदाधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
शहीदों को श्रद्धांजलि देने वाले अधिकारियों में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, सीएम के प्रधान सचिव-सह-गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का और पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। सभी ने शहीदों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
उल्लेखनीय है पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के होयाहातु गांव स्थित लांजी जंगली क्षेत्र में नक्सलियों ने गुरुवार की सुबह लैंड माइंस (प्रेशर आईईडी) ब्लास्ट किया। इस घटना में झारखंड जगुआर के तीन जवान शहीद हो गये हैं।
जबकि दो जवान गंभीर रुप से घायल हो गये हैं। शहीद जवानों में पलामू जिले के कॉन्स्टेबल हरद्वार साह, सिमडेगा जिले के कॉन्स्टेबल किरण सुरीन और गोड्डा जिले के हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित शामिल हैं।
घायल जवानों में खूंटी जिले के कॉन्स्टेबल दीप टोपनो और लातेहार जिले के निक्कू उरांव शामिल है।
घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया। हेलीकॉप्टर से घायल जवानों को खेल गांव स्थित हेलीपैड में उतारा गया वहां से एंबुलेंस से मेडिका अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के क्रम में हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित की मौत हो गई। घायल और शहीद जवान झारखंड जगुआर के हैं।
नक्सलियों ने यह विस्फोट तब किया जब जिला पुलिस और सीआरपीएफ के जवान नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की ओर भाग गए।