नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस संकट फिर से गहराता जा रहा है। कोरोना वायरस के डबल म्यूटेंट वैरिएंट देश के 18 राज्यों में मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना का नया वैरिएंट पुराने के मुकाबले कई गुना ज्यादा जानलेवा है।
एक प्रेस नोट में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा शेयर किए गए कुल 10,787 पॉजिटिव सैंपल में अब तक कुल 771 कोविड-19 वेरिएंट्स का पता चला है।
मंत्रालय के मुताबिक, इनमें यूके वायरस के लिए 736 सैंपल शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीकी वायरस के लिए 34 सैंपल भी पॉजिटिव पाए गए हैं। एक सैंपल ब्राजील वैरिएंट का है, जो पॉजिटिव पाया गया है।
देश के 18 राज्यों में इन कोविड के नमूनों की पहचान की गई है।
डबल म्यूटेंट वैरिएंट का मतलब क्या है ?
बता दें कि डबल म्यूटेंट वैरिएंट से मतलब से एक शख्स का कोरोना वायरस के दो अलग-अलग वैरिएंट (टाइप) से संक्रमित होना है।
इसे आसान शब्दों में कोरोना का डबल इंफेक्शन कह सकते हैं। दुनिया में ऐसा पहला मामला ब्राजील में आया था।
ब्राजील में दो मरीज एक ही साथ कोरोना वायरस के दो अलग अलग वैरिएंट से संक्रमित पाए गए थे।
देश में कोरोना के कितने केस ?
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 47 हजार 262 पॉजिटिव केस हुए। इस दौरान 23 हजार 907 मरीज ठीक हुए।
बीते दिन 275 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और संक्रमण के नए मामलों में इन राज्यों की भागीदारी 80.5 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा जानकारी के मुताबिक, देश में अब तक 1 करोड़ 17 लाख 34 हजार 58 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं।
इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 5 हजार 160 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 60 हजार 441 लाख ने जान गंवाई है।
फिलहाल 3 लाख 68 हजार 457 मरीजों का इलाज चल रहा है। यानी ये कोरोना के एक्टिव केस हैं।