DGP reached Chaibasa, anti-naxal campaign will be intensified: चाईबासा जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच बढ़ते IED और विस्फोटक खतरों के मद्देनजर राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता सोमवार को चाईबासा पहुंचे।
उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा हालात की समीक्षा की और अभियान में जुटे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाया। समीक्षा बैठक के दौरान DGP ने कोबरा, CRPF, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस बल के जवानों से मुलाकात की और उनके कार्य की सराहना करते हुए उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
DGP ने कहा कि जवानों का साहस और समर्पण इस अभियान की रीढ़ हैं, जिसे और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा चुनौतियों और रणनीतिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाने और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। DGP ने आश्वासन दिया कि नक्सल समस्या से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को सभी आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जाएंगे और अभियान की गति और तेज की जाएगी।
बैठक में CRPF के IG साकेत कुमार सिंह, जोनल IG अखिलेश झा, IG अभियान अमोल विनुकांत होमकर, STF के IG अनुप बिरथरे, CRPF के DIG पूरन सिंह और चाईबासा SP आशुतोष शेखर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।