रांची: रांची में कश्मीरी युवकों से दुर्व्यवहार, मारपीट और उनसे जबरन जय श्रीराम का नारा लगवाने के मामले को डोरंडा थाना में समझौता कराकर रफा-दफा कर दिया गया है।
इस मामले में डोरंडा थाना की पुलिस ने तीन आरोपियों दीपक झा, तरुण कुमार और अरविंद को गिरफ्तार किया था। सोमवार को डोरंडा थाना की पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के बाद इन तीनों आरोपियों को बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया।
इससे पहले इस मामले को लेकर डोरंडा थाना में दोनों पक्षों की बैठक हुई। इसमें कश्मीरी युवकों के साथ की गयी इस वारदात की निंदा की गयी।
कहा गया कि कश्मीरी रांची में मेहमान हैं। वे रांची में कारोबार करने आते हैं। इसलिए उन्हें सम्मान और सुरक्षा देना सभी का कर्तव्य है।
बैठक में पुलिस से गुजारिश की गयी कि वह रांची आये कश्मीरियों को सुरक्षा दें।
बैठक के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया, जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपियों दीपक झा, तरुण कुमार और अरविंद को बॉन्ड भरवाकर थाना से ही छोड़ दिया।
बता दें कि शनिवार की सुबह कडरू पुल के पास असामाजिक तत्वों ने कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट की थी। आरोप के मुताबिक, असामाजिक तत्वों ने उन कश्मीरी युवकों को लोहे के रॉड से पीट-पीटकर जख्मी कर दिया था। साथ ही उनके सामान भी छीन लिये थे।
इस शर्मनाक घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर गये। आक्रोशित लोगों ने डोरंडा थाना का घेराव कर दिया। लोगों डोरंडा थाना के सामने सड़क जाम कर दी।
मामले की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार और डोरंडा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी दीपक झा, तरुण कुमार और अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया था।