पाकुड़ में डीटीएफ ने किया नौ क्रशर्स सील, आधा दर्जन वाहन जब्त

News Aroma Media
2 Min Read

पाकुड़: डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की टीम ने औचक छापामारी कर बुधवार को सदर प्रखंड के सुन्दरापहाड़ी क्षेत्र में अनियमितता बरतने के आरोप में नौ पत्थर क्रशरों को सील कर दिया।

साथ ही अवैध परिवहन में लगे आधा दर्जन से ज्यादा पत्थर उत्पाद लदे  वाहनों को जब्त किया है।

कार्रवाई  का नेतृत्व कर रहे  डीटीएफ के संयोजक सह सिविल एसडीओ प्रभात कुमार के साथ ही जिला खनन पदाधिकारी उत्तम कुमार विश्वास, सदर अंचलाधिकारी व संबंधित थाना प्रभारी के अलावा प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अधिकारी भी शामिल थे।

सिविल एसडीओ प्रभात कुमार ने बताया कि हमें इस इलाके में पर्यावरणीय नियमों व शर्तों का उल्लंघन कर पत्थर खदान व क्रशर संचालन की शिकायत मिली थी।

साथ ही इलाके में अवैध पत्थर उत्खनन व परिवहन की भी सूचनाएँ मिली थीं। इसके मद्देनजर औचक छापामारी की कार्रवाई की गई।

- Advertisement -
sikkim-ad

उन्होंने बताया नियमों व शर्तों का उल्लंघन कर संचालित क्रशर प्लांटों में हमारी टीम के पहुंचते ही वहां कार्यरत मजदूरों के अलावा संबंधित अन्य कर्मी भाग खड़े हुए।

हमने क्रशरों के संचालन से संबंधित कागजातों की मांग की।लेकिन मौके पर मौजूद लोग दिखा नहीं पाए।

उचित कागजातों के अभाव में कुल नौ क्रशरों को सील कर दिया गया है। साथ ही अवैध पत्थर ढुलाई में लगे आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों को भी जप्त किया गया है। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article