आज भी हमारी ताकत हैं गांधी जी: शालिनी गुप्ता

Central Desk

कोडरमा: गांधी जी के विचार और दर्शन की तरफ दुनिया का झुकाव बढ़ा है। देश में गांधी जी का स्मरण किए बिना कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता।

कई आंदोलन और परिवर्तन उनके दिखाए मार्ग पर चलकर सफल हुए हैं और गांधी जी आज भी हमारी ताकत हैं। कोडरमा जिला परिषद की प्रधान शालिनी गुप्ता ने शनिवार को कोडरमा गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है ताकि जीवन में शांति और स्थिरता रह सके। इसके लिए जरूरी है कि उनके दर्शन को सब लोगों के बीच खासकर युवा वर्ग तक पहुंचाया जाए।

गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनका नमन करते हुए उन्होंने कहा कि बापू ने पूरे विश्व को सत्य और अहिंसा का जो रास्ता दिखाया आज उसपर चलकर ही पूरी दुनिया मे शांति और सद्भाव कायम हो सकता है।