गिरिडीह गावां थाना इलाके में सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौत, दो गंभीर

News Aroma Media

गिरिडीह: गावां थाना क्षेत्र के बेन्ड्रो गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटने से एक बच्चे की मौत हो गई।

जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार रविवार एक महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। गावां थाना क्षेत्र के बेन्ड्रो गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटने के कारण यह दुर्घटना हुई।

पूरा परिवार वाहन में सवार होकर शादी समारोह में हिस्सा लेने जा रहा था।

खरसान निवासी सविता देवी अपने दो बेटे के साथ घर से ऑटो पर सवार होकर वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए डोमचांच खरखार जा रही थीं ।

इसी बीच बेन्ड्रो गांव के पास हादसा हो गया। घटना में सविता देवी (28), दोनों बेटे हिमपाल कुमार (2) एवं सागर कुमार (5) गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीनों को एंबुलेंस से गावां अस्पताल पहुंचा गया। चिकित्सक ने अपनी जांच में सागर कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल बच्चे हिमपाल कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

दुर्घटना की जानकारी स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस को दी गई। बताया गया कि यह हादसा चालक की तेज गति से चलाने से हुआ। वह वाहन को काफी तेज गति से चला रहाा था। इस दौरान रास्ते में पड़ा पत्थर उसे नजर नहीं आया और ऑटो पलट गया।