गुमला में हुए सड़क दुर्घटना में मासूम समेत दो की मौत, छह घायल

News Aroma Media

गुमला: जिले के सदर थाना से करीब पांच किलोमीटर दूर खटवा नदी के समीप एक ऑटो को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।

दुर्घटना में ऑटो में सवार डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया है, जहां दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सदर अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा दोनों को इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है।

शुक्रवार देर रात विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद लोहरदगा की ओर निकल गया। टक्कर के बाद ऑटो बीच सड़क पर पलट गया।

इसमें ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना में सीताराम उरांव (70) और डेढ़ वर्षीय बच्चा अभिषेक उरांव की मौत हो गई। छह लोग घायल हैं।

इसमें जयमन्ती उरांव, मंगरी उरांव, सरिता उरांव, निशा उरांव, मारवाड़ी उरांव और लेंगा उरांव शामिल हैं। सभी सदर प्रखंड के बम्हनी गांव के रहने वाले हैं। वह निजी कार्यक्रम में शामिल होने चुगलु गांव गए हुए थे, जहां से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।