हजारीबाग में विदेश भेजने के नाम पर 26 लोग हुए ठगी का शिकार

News Aroma Media

हजारीबाग: विदेश भेजने के नाम पर डेल्टा काॅक्स नामक कंपनी ने बिहार के सिवान के 26 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। कंपनी ने वीजा और टिकट के नाम पर लोगों से 50-50 हजार रुपये ऐंठ लिए हैं।

इस संबंध में सिवान निवासी अशोक पंडित ने कोर्रा थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।

आवेदक के अनुसार मटवारी के देव काॅम्पलेक्स में डेल्टा काॅक्स नामक कंपनी ने सिवान में कार्यालय खोलकर विदेश भेजने का सब्जबाग दिखाया था, जिसमें सिवान के 26 लोग फंस गए।

सभी 26 लोगों से वीजा और फ्लाईट का टिकट बनवाने एवं दुबई के जीसीसी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर  50-50 हजार रुपये लिया गया। कंपनी ने सभी लोगों को वीजा और फ्लाईट का टिकट भी भेजा दिया।

पीड़ित ने कहा है कि जब उसने दुबई में मौजूद एक मित्र से संपर्क कर वीजा की सत्यता के बाबत जानकारी के लिए कहा गया तो वीजा फर्जी निकला।

यह भी बताया गया कि डेल्टा काॅक्स कंपनी को संदीप, अनवर एवं राणा प्रताप नामक तीन व्यक्ति संचालित कर रहे हैं।

ठगे गए लोगों ने कंपनी के संचालक के कहने पर सिवान से कंपनी के कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में ऑनलाईन पैसा हस्तांतरित किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।