Gautam Adani and Hemant Soren Meeting: भारत के प्रमुख उद्योगपति और अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस बैठक को झारखंड में निवेश और उद्योगों के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालाँकि, सरकारी स्तर पर इसे औपचारिक भेंट करार दिया गया है और कहा गया है कि चर्चा मुख्य रूप से औद्योगिक निवेश से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित थी।
पहली बार रांची पहुंचे गौतम अडानी
झारखंड के गठन के बाद यह पहली बार है जब गौतम अडानी ने राजधानी रांची का दौरा किया। वे शाम करीब 7 बजे चार्टर्ड प्लेन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद रात 10 बजे वापस लौट गए।
उनके साथ अडानी समूह के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे। इस बैठक की पूर्व में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी, जिससे कयासों का बाजार गर्म हो गया है।
गोड्डा पावर प्लांट और हजारीबाग कोल प्रोजेक्ट पर चर्चा की संभावना
अडानी समूह का झारखंड से पुराना नाता रहा है। कंपनी ने गोड्डा जिले में एक पावर प्लांट स्थापित किया है, जहां से बांग्लादेश को बिजली आपूर्ति की जाती है।
इसके अलावा, हजारीबाग के बड़कागांव स्थित गोंदलपुरा में कंपनी को कोल ब्लॉक आवंटित हुआ है, लेकिन जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में स्थानीय विरोध के चलते रुकावटें आ रही हैं।
पिछले बजट सत्र में उठा था पावर प्लांट का मुद्दा
झारखंड विधानसभा के पिछले बजट सत्र में गोड्डा पावर प्लांट को लेकर सवाल उठाए गए थे। विधायक प्रदीप यादव ने आरोप लगाया था कि पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण में एसपीटी एक्ट का उल्लंघन किया गया।
इस पर मंत्री दीपक बिरुआ ने जवाब दिया था कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है, जो भूमि अधिग्रहण और पावर परचेज एग्रीमेंट की समीक्षा कर रही है।
झारखंड में बढ़ सकता है अडानी समूह का निवेश
गौतम अडानी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच हुई इस मुलाकात के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि अडानी समूह झारखंड में अपने निवेश को बढ़ा सकता है। हालाँकि, अब तक सरकार या अडानी समूह की ओर से इस बैठक को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।