झारखंड में यहां युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में पति-पत्नी समेत 10 के खिलाफ मामला दर्ज, अवैध संबंध में मर्डर की आशंका

Newswrap

जमशेदपुर: ओडिशा अंतर्गत मयूरभंज जिले के रायरंगपुर के जगदा निवासी बैजू सोय की छह सितंबर को हुई हत्या के मामले में जमशेदपुर सुंदरनगर नीलडूंगरी निवासी लक्ष्मण पांडेय, उनकी पत्नी रेखा पांडेय समेत अन्य 10 के खिलाफ सुंदरनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मृतक के पिता लक्ष्मण सोय का आरोप है। उसके बेटे की साजिश के तहत पीट-पीटकर हत्या की गई है।

सुंदरनगर थाना प्रभारी थानेदार शंभू गुप्ता ने बताया कि स्वजनों से जानकारी मिली है कि युवक का लक्ष्मण पांडेय के घर आना.जाना था। संभवतरू अवैध संबंध में बैजू सोय की हत्या कर दी गई है।

क्या है मामला

मृतक के पिता ने बताया कि बेटा गम्हरिया की एक फैक्ट्री में काम करता था और सुंदरनगर में ही रहता था।

छह सितंबर को उनके मोबाइल पर बेटे के मोबाइल नंबर से फोन आया।

काॅलर लड़की बोली कि आप सब जल्द से जल्द सुंदरनगर के नीलडूंगरी आ जाइए नहीं तो आपके बेटे के साथ बहुत बुरा होगा।

इसके बाद बहु रत्नप्रभा सोय के मोबाइल पर वीडियो कॉल कर बेटे का चेहरा दिखाया गया। उस समय दोपहर के एक बज रहे थे।

पत्नी और बहू को साथ लेकर मैं सुंदरनगर नीलडूंगरी के लिए निकल गया।

वहां पहुंचने पर बेटे को नीलडूंगरी निवासी लक्ष्मण पांडेय और उसकी पत्नी रेखा पांडेय के घर में खून से लथपथ पड़ा पाया। शरीर में जख्म थे। कपड़े फटे हुए थे। बेटे की बाइक भी क्षतिग्रस्त मिली।

मैं बेटे को लेकर नीलडूंगरी से रायरंगपुर चल दिया। अस्पताल में दाखिल कराया जहां सात सितंबर को उसकी मौत हो गई।

लक्ष्मण पांडेय, उसकी पत्नी और अज्ञात लोगों द्वारा बेटे के साथ मारपीट किए जाने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं।